Subscribe

Enter your email address:

हमारे लिखे गये नए ब्लॉग की जानकरी के लिए अपना ईमेल आईडी यहाँ दर्ज करे |

Tuesday, 24 July 2018

वर्ष 2020 में इलेक्ट्रिक स्कूटर लांच करेगी सुजुकी


जापान की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी सुजुकी की भारतीय सब्सिडियरी सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने भारत में वर्ष 2020 तक अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर उतारने का ऐलान किया है।

हमारे सहयोगी प्रकाशन दैनिक जागरण के साथ बातचीत में कंपनी के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सजीव राजशेखरन ने बताया कि भारत के दोपहिया बाजार के भावी उत्पादों पर हमारी दो टीमें काम कर रही हैं। एक टीम जापान में है जबकि दूसरी भारत में है। टीमों के सुझाव के आधार पर नया इलेक्ट्रिक स्कूटर उतारा जाएगा। इसके लिए कंपनी भारत में नया प्लांट लगाने व नेटवर्क विस्तार समेत अन्य मुद्दों पर भी सोच रही है, जिसे अगले कुछ महीनों के भीतर अंतिम रूप दिया जाएगा।


राजशेखरन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से दोपहिया बाजार में सुजुकी के उत्पादों को मिल रही सफलता को देखते हुए हो सकता है कि यहां नया निवेश करने की जरूरत पड़े। वर्ष 2016-17 में सुजुकी ने कुल 3.5 लाख दोपहिया वाहनों की बिक्री की थी जो वर्ष 2017-18 में बढ़कर पांच लाख हो गई।

चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में कंपनी के दोपहिया वाहनों की बिक्री में 40 फीसद का इजाफा हुआ है। पिछले हफ्ते कंपनी ने अपनी बहुप्रतीक्षित बर्गमैन स्ट्रीट को लांच किया है, जिससे आने वाले महीनों में बिक्री के और बढ़ने के आसार है।

दिल्ली में एक्स शोरूम कीमत 68 हजार रुपये वाले इस स्कूटर के जरिये सुजुकी ने अपनी प्रमुख प्रतिद्वंदी कंपनी होंडा के सामने मजबूत चुनौती पेश की है। बिक्री में तेज इजाफा देखते हुए कंपनी ने देश के कई हिस्सों में तेजी से विस्तार करने की भी योजना बनाई है।

अभी कंपनी के नेटवर्क के तहत 1,000 शोरूम हैं, जिसे दो वर्षों के भीतर बढ़ाकर 1,400 करने पर काम कर चल रहा है। उत्पादों के मामले में कंपनी का मुख्य फोकस अभी स्कूटरों पर रहेगा, लेकिन धीरे-धीरे ज्यादा क्षमता वाली मोटरसाइकिलों को उतारने की योजना है।